posted on : अक्टूबर 9, 2021 5:22 अपराह्न
कोटद्वार। प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं महापौर हेमलता नेगी की अगुवाई में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा कोटद्वार में मेडिकल कालेज, लालढांग चिल्लरखाल मोटर मार्ग, कण्वाश्रम का समग्र विकास तथा केन्द्रीय विद्यालय में भाजपा सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक के द्वारा रोडा अटकाने पर रोष व्यक्त करते हुए जनाक्रोश रैली निकाली गयी। कलालघाटी चौक से लेकर हल्दूखाता तक रैली निकालते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह रावत की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह द्वारा विकास के नाम पर कोटद्वार की जनता के साथ घोर अन्याय एवं धोखा बताया।
रैली का नेतृत्व कर रहे प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस के कार्यकाल में उनके अथक प्रयास से उन्होंने कलालघाटी के लछमपुर में 192 बीघा भूमि मेडिकल के लिए स्वीकृत करवाते हुए चाहर दीवारी सहित अन्य निर्माण कार्यो के लिए चार करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत करवाते हुए निर्माण कार्य शुरू करवा दिया था, लेकिन प्रदेश के सत्ता परिवर्तन होने के बाद सत्ता में भाजपा सरकार तथा क्षेत्रीय विधायक ने उक्त मेडिकल कालेज को ठंडे बस्ते में डालते हुए उक्त जमीन को श्रम विभाग के नाम कर बहुत बडा घोटाला करने का प्रयास किया , लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की सरकार ने उक्त भूमि फिर से मेडिकल के नाम किया गया, लेकिन इसके बावजूद भी क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह ने उत्तरप्रदेश के खननमाफियाओं से मिलकर उक्त मेडिकल की भूमि को खनन का अड्डा बना दिया है, जिससे वहां पर मेडिकल कालेज की जगह अब चालीस से पचास फीट तक गढ्ढे बन गये है।
कहा कि प्रदेश में सत्तासीन डबल इंजन की सरकार से कोटद्वार की जनता मेडिकल कालेज की आस लगाये बैठी थी, लेकिन क्षेत्रीय विधायक के नकारात्मक सोच के चलते मेडिकल कालेज के निर्माण को ठंडे बस्ते में डाल दिया है, पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कण्वाश्रम के समग्र विकास मेें रोडा अटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह रावत ने अपने चेहतों को ठेका दिलवाने के नाम पर उक्त निर्माण कार्य पर अडंगा लगाया है, जिससे कोटद्वार की जनता विकास के क्षेत्र में दस साल पीछे चली गयी है, कहा कि अब चुनाव नजदीक आते ही लालढांग चिल्लरखाल मोटर मोटर मार्ग पर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत धनराशि से लीपापोथी की जा रही है, कहा कि उक्त मार्ग को सिर्फ सीजनल मोटर मार्ग बनाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस सरकार में उक्त मोटर मार्ग को बारामासी रोड बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में विकास अवरूद्ध हुआ है, सिर्फ जाति एवं धर्म के नाम पर राजनीति करते हुए सत्ता पाना भाजपा का मूल उद्देश्य है, जबकि कांग्रेस की सरकारे सबका साथ सबका विकास की अवधारणा को लेकर कार्ययोजनाओं को क्रियान्वित करती है।
उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मे कांग्रेस के सत्ता में आते ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं पर काम शुरू करवाते हुए नगर निगम में सम्मिलित गांवों को नगर निगम क्षेत्र से मुक्त कर दिया जायेगा साथ ही जिला विकास प्राधिकरण को भी समाप्त कर दिया जायेगा। इस मौके पर नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष डा. चन्द्रमोहन खर्कवाल, प्रेम सिंह रावत, पूर्व प्रधान कीरत सिंह नेगी, रूपेन्द्र सिंह नेगी, राजेन्द्र सिंह नेगी, पार्षद विवेक शाह, अमित नेगी, जगदीश मेहरा, महेन्द्र सिंह, पुष्कर सिंह राणा, दीपा देवी, दामोदर सिंह, धनवीर सिंह, गिरीश चंद्र चौधरी, सोबन सिंह नेगी, रघुवीर सिंह, देश राज सिंह रावत, जयपाल सिंह नेगी, कांति देवी, शंकुतला देवी, दया देवी, ललित मोहन डबराल, पंकज रावत, गोविंद सिंह रावत, जयकृत सिंह, रधुवीर सिंह, केशर सिंह, शशि भूषण, कृष्ण चंद्र खंतवाल, साबर सिंह नेगी, हेमचंद्र पंवार, बलवीर सिंह रावत, धीरेन्द्र सिंह बिष्ट सहित सैकडों कार्यकर्ता मौजूद थे।