posted on : अक्टूबर 5, 2021 6:17 अपराह्न
पौड़ी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी गढ़वाल कु. पी. रेणुका देवी के निर्देशन में 12 सितम्बर 2021 से महिला थाना श्रीनगर में नारी सशक्त –देश सशक्त की थीम पर महिला पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना जाग्रत करने हेतु आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया। एसएसपी कु. पी. रेणुका देवी द्वारा प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत स्कूलों / कॉलेजों / कार्यालयों में कार्य करने वाली युवतियों /महिलाओं को आत्म रक्षा हेतु प्रशिक्षण देने हेतु निर्देशित किया गया था।
जिसके क्रम में जनपद के थाना सतपुली/महिला थाना/पैठाणी/थलीसैण पुलिस द्वारा जनता इण्टर कॉलेज दूधारखाल/राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज श्रीनगर/गुरू राम राय पब्लिक स्कूल एवं मांउटेसरी हाई स्कूल/ जनता इण्टर कॉलेज पाली खाटली में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों द्वारा छात्राओं को पंच बांधना, शरीर की कमजोर कड़ी पर वार करना, किसी की पकड़ से खुद को छुड़ाने के साथ पैरों से वार करना आदि तकनीकी का प्रशिक्षण दिया गया।
स्कूली छात्राओं को योगा करने, व्ययाम करने एवं पौष्टिक आहार लेने हेतु बताया गया। साथ ही छात्राओं को बढ़ते हुए अपराधों की रोकथाम, महिला अपराध, मानव तस्कारी, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों व आपतकालीन नम्बर डायल-112 आदि के बारे में जानकारी दी गयी एवं बताया गया कि यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार या छेड़छाड़ करता है तो इस तरह की घटनाओं को कदापि नजर अंदाज न करें, इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। जनपद पुलिस द्वारा स्कूली छात्राओं में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना जाग्रत करने हेतु आत्मरक्षा प्रशिक्षण लगातार जारी है।