posted on : जनवरी 6, 2022 9:26 अपराह्न
कोटद्वार । पौड़ी गढ़वाल जिले के द्वारीखाल के लंगूरी गांव निवासी अनिल चौहान भारतीय सेना की आठवीं गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर बार्डर पर राजौरी के मंडर सेक्टर में थी। बताया गया है कि गुरुवार सुबह जब वह आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में अपने साथियों के साथ दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे थे इसी दौरान एक गोली उन्हें लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और देखते ही देखते मां भारती का यह वीर सपूत सदैव के लिए चिरनिंद्रा में लीन हो गया। सेना के अधिकारियों द्वारा अनिल की शहादत की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। शहीद अनिल के माता-पिता जहां बेसुध हो गए वहीं भाभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मिल रही जानकारी के अनुसार 20 वर्ष की उम्र में भारतीय सेना में भर्ती होने वाले अनिल ने राइंका कीर्तिखाल से इंटरमीडिएट किया। बता दें कि बीते वर्ष वह राष्ट्रीय राइफल्स में तीन वर्ष की सेवाएं देने के बाद आठवीं गढ़वाल राइफल्स में वापस लौटे थे।