posted on : नवम्बर 1, 2021 5:25 अपराह्न
कोटद्वार। आर्य गिरधारीलाल महर्षि दयानंद ट्रस्ट के सदस्यों की ओर से ट्रस्ट के संस्थापक, आर्य समाजी एवं शिक्षाविद् वीडी उनियाल की 94वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।सुमन मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी सत्यप्रकाश थपलियाल ने कहा कि वीडी उनियाल सही अर्थों में आर्य समाजी थे उन्होंने अपना सारा जीवन महर्षि दयानंद सरस्वती के आदर्शों पर चलकर बिताया। वे समाज में व्याप्त सामाजिक एवम धार्मिक कुरीतियों के खात्मे के प्रबल समर्थक थे। ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेन्द्र लाल आर्य ने कहा कि उनियाल सर्वधर्म समभाव एवं समतामूलक समाज की भावना के पोषक थे। वे कई संगठनों से भी जुड़े रहे। ग्रामीण विकास नागरिक संगठन के अध्यक्ष प्रवेश नवानी ने कहा की उनियाल की छवी एक ईमानदार, अनुशासित व छात्र हितैषी प्रधानाचार्य के रूप में थी। उन्होंने कई किताबें भी लिखी थीं जिनमे जीवन का सफर और कविता की लहर प्रमुख थी। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पूरण सिंह रावत, सुभाष नौटियाल, पीएल खंतवाल, राजेन्द्र सिंह नेगी, अन्नपूर्णा जोशी, नीरज नेगी, आरती सैनी, गजे सिंह रावत, चंद्र सिंह नेगी, गंभीर सिंह असवाल आदि मौजूद रहे।