posted on : अक्टूबर 12, 2021 7:00 अपराह्न
बिहार ब्यूरो
पटना : बिहार प्रदेश जद(यू.) कार्यालय में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी डाॅ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने डाॅ. राम मनोहर लोहिया को एक प्रखर समाजवादी चिंतक बताते हुए भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके द्वारा किए गये कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के पहले और उसके बाद डाॅ. लोहिया के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने बताया कि अपनी देशभक्ति और समाजवादी विचारधारा के कारण उन्होंने समर्थकों के साथ-साथ विरोधियों में भी सम्मान हासिल किया। डाॅ. लोहिया ने अपनी पूरी जिंदगी देश को समर्पित कर दी और भारत छोड़ो आंदोलन में उन्होंने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वे चाहते थे कि व्यक्ति-व्यक्ति के बीच कोई भेद, दुराव और दिवार न रहे और सबको समानता का अधिकार मिले।
डाॅ. राम मनोहर लोहिया जी के इसी सपने को साकार करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सभी वर्गों के विकास के लिए संकल्पित होकर काम कर रहे हैं। सरकार द्वारा ऐसी अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, जिससे समाज में सभी को सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि आज के समय में हम सभी को लोहिया जी के विचारों को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। उक्त अवसर पर बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह, स.वि.प. ललन कुमार सर्राफ, मुख्यालय प्रभारीगण डाॅ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी प्रदेश उपाध्यक्ष, मृत्युंजय कुमार सिंह प्रदेश महासचिव, मनीष कुमार प्रदेश सचिव एवं वासुदेव कुशवाहा प्रदेश सचिव, प्रदेश महासचिव मालती सिंह व किरण रंजन, नन्द किशोर कुशवाहा, पप्पु निषाद, राजेश पाल, देवयन्ति यादव एवं नंदकिशोर चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त आशय की जानकारी कार्यालय सचिव संजय कुमार सिन्हा ने दी।